भोपाल
बीजेपी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा है कि प्रदेश में 4 मई से बूथ विजय संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। 14 मई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान अनेक कार्यक्रम होंगे। पार्टी कार्यकर्ता बूथ सशक्तीकरण अभियान की तरह ही इस अभियान में भी प्रदेश को शीर्ष स्थान पर लाने के लिए जुट जाएं। हर 15 दिनों में जिलों में कोर की बैठक अनिवार्य रूप से हो और जिला पदाधिकारी प्रवास पर अधिक से अधिक जोर दें। इस अभियान की दृष्टि से जिला, मंडल, विधानसभा और क्लस्टर स्तर की टोलियों के गठन का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए।
बीजेपी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और बूथ विस्तारीकरण के जिला प्रभारियों के साथ प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि बूथ संगठन की महत्वपूर्ण इकाई है, लेकिन वह सिर्फ वोट हासिल करने के लिए नहीं है। बूथों का स्वरूप जल्द ही बदलने वाला है। बूथों की सक्रियता की कसौटी यह है कि वहां तक पार्टी की विचारधारा प्रवाहित होनी चाहिए। 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान का उद्देश्य बूथों को ऐसा ही बनाना है। 10 दिन के इस अभियान का लक्ष्य यही है कि हर बूथ पर आगामी कार्यक्रमों का कैलेंडर बने, कार्यकर्ताओं में पार्टी के लक्ष्य और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की स्पष्ट समझ हो, कार्यकर्ताओं में टीम भावना व आत्मविश्वास का विकास हो तथा बूथ स्तर पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने की रूपरेखा स्पष्ट हो। इस अभियान के अंतर्गत 10 बूथों पर एक क्लस्टर का गठन किया जाएगा और क्लस्टर के सभी कार्यकर्ता अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश स्तर पर न्यू ज्वाइनिंग कमेटी का गठन हुआ है, उसी तरह की कमेटियां मंडल स्तर पर भी गठित की जाएंगी। उन्होंने जन आकांक्षा अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर एन्फलुएंसर्स की सूचियां तैयार की जाएं।
मध्यप्रदेश में इतिहास बनाएंगे: विष्णुदत्त शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गुजरात चुनाव से जुड़े लोग बताते हैं कि पन्ना समितियों का सदस्य बनने से कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी का बोध हुआ और कार्यकर्ता का यही भाव हमारी ताकत है। हमें इसी ताकत को जागृत करने की आवश्यकता है। इसी से पार्टी मध्यप्रदेश में भी इतिहास बनाएगी। शर्मा ने कहा कि पन्ना समितियों और पन्ना प्रमुख को नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारियां और काम दिए जाएं, साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता तीन नए वोट पार्टी को दिलाने का संकल्प ले। इस तरह हम वे एक करोड़ वोट भी हासिल कर पाएंगे, जो हमें पहले नहीं मिले थे। उन्होंने कहा कि प्रवास, संपर्क और संबंध हमारी कार्यप्रणाली के अंग हैं। इसलिए अधिक से अधिक प्रवास करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर 15 मई से 15 जून तक प्रत्येक स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकतार्ओं की भूमिका भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बूथ विजय संकल्प में जुट जाएं कार्यकर्ता: हितानंद
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बूथ विस्तारक अभियान-2 की समीक्षा की और अच्छे प्रदर्शन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के शेष काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं और पार्टी कार्यकर्ता 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान की तैयारियों में जुट जाएं। ऐसी ही बैठकें जिला और मंडल स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा में 100 स्थानों पर तथा प्रत्येक तीन में से एक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विशिष्ट जनों समेत 100 व्यक्तियों की उपस्थिति हो। जिले में कोर ग्रुप की बैठक प्रत्येक 15 दिनों में आयोजित की जाना चाहिए तथा बैठक का कार्यक्रम कम से कम 24 घंटे का होना चाहिए।