पूरा देश यह देख रहा है किस तरह से राजस्थान में कांग्रेस नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राजस्थान कांग्रेस पार्टी के प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट अपनी ही कांग्रेस सरकार जिसके मुखिया अशोक गहलोत जो भ्रष्टाचार में गले गले तक डूबी हुई है, उसके खिलाफ सड़क पर उतरे हुए हैं। सचिन पायलट के धरने में कांग्रेस पार्टी के ही कई वरिष्ठ नेता ,विधायक एवं मंत्री अपनी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। भ्रष्टाचार की कितनी इंतहा हो गई है कि जिस व्यक्ति ने (सचिन पायलट) राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनाने में अपना सर्वस्व निछावर कर दिया, वह उस सरकार के भ्रष्टाचार खिलाफ आज सड़क पर उतरा हुआ है।
कांग्रेस आलाकमान जो कहीं न कहीं अशोक गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार पर आंख मूंदा हुआ है, और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह अशोक गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार को अपनी मौन स्वीकृति दे रहा है। कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट की आवाज को नहीं सुन रहा है। नक्कारखाने में जिस तरह तूती की आवाज सुनाई नहीं देती है वैसे ही पूरा देश गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार की बात कर रहा है पर सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व धृतराष्ट्र और गांधारी बना हुआ है।
यह कोई पहली बार नहीं हो रहा इससे पूर्व में भी 10 वर्ष की पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यूपीए कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को देश ने अपनी आंखों से देख रहा था। ऐसा कोई माह नहीं जाता था कि जब कोई न कोई एक घोटाला सामने निकलकर नहीं आता हो। कोयले से लेकर 2G स्पेक्ट्रम, अगस्ता वेस्टलैंड जैसे घोटाले दिखाई देते थे। जमीन के अंदर से लेकर आकाश तक कोई ऐसी जगह नहीं छोड़ी थी। कांग्रेस की यूपीए सरकार ने जहां भ्रष्टाचार न होता हो। देश में पहली बार जनता ने देखा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी या उनका पुत्र पूर्व कांग्रेसअध्यक्ष राहुल गांधी या दामाद रॉबर्ट वाड्रा जमानत पर हो। मां ,बेटा ,दामाद तीनों किस मामले में जमानत पर हैं यह देश की जनता बेहतर रूप से जानती है। ईडी के सामने लगातार सोनिया गांधी और पुत्र राहुल गांधी की पेशी हो रही है। इससे पूर्व देश की जनता बोफोर्स तोप घोटाले को भूली नहीं है, जिसमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम सीधे जुड़ा हुआ था। अगर आज हम कह रहे हैं कि देश में भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस पार्टी है तो कहां गलत है? देश की जनता सब जानती है और कहती है भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस है।
(लेखक मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं)

share