भोपाल
भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रदेश के 39 विधानसभा क्षेत्र में टिकट के ऐलान के बाद किया जा रहे विरोध को लेकर कहा है कि यह हमारा अंदरूनी मसला है, हमसे अपने स्तर पर सुलझा लेंगे। कैंडिडेट्स की दूसरी सूची जारी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं है, यह संगठन की प्रक्रिया का विषय है। नेताओं के परिजनों को टिकट दिए जाने पर उन्होंने कहा कि अगर वो पार्टी में काम करते रहे हैं तो यह परिवारवाद नहीं है।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि के भाजपा की तैयारियां चल रही हैं। इसी के अंतर्गत कल 20 अगस्त को ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक संपन्न होगी। इस बैठक में विभिन्न श्रेणी के 1500 से अधिक कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। इसका शुभारंभ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश करेंगे। अपरान्ह 4 बजे देश के गृह मंत्री अमित शाह बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक के प्रथम चरण में राजनीतिक प्रस्ताव पारित होगा, उसके बाद संभागवार चर्चा होगी। 230 में से 210 विधानसभा के सम्मेलन हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में गांवों तक सड़कों का जाल और विद्युत की आपूर्ति बड़ा बदलाव है। जैविक और प्राकृतिक खेती में मप्र अग्रणी है। आगे सरकार बनाने का मौका मिला तो 65 लाख हैक्टेयर में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
तोमर ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कल भोपाल में सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। सिस्टम में पारदर्शिता भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का प्रमाण है। विकास और गरीब कल्याण को लेकर भाजपा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि विषयहीनता और नेतृत्वहीनता की स्थिति में पहुंची कॉंग्रेस अब डर्टी पालिटिक्स पर उतरी है ।
share