भोपाल
पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता सुलोचना रावत और विशाल रावत के भाजपा में शामिल होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुलोचना और विशाल रावत की साफ-सुथरी छवि इनकी सबसे बड़ी पूंजी है। इसका जवाब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को प्रदेश की जनता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पता नहीं कांग्रेस क्यों परेशान है ? साफ-सुथरे लोगों का सम्मान इन्हें नहीं आता है। मैं रावत परिवार को वर्षों से जानता हूं और इनके सुख- दुख का साथी रहा हूं।
उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपना घर नहीं देखते हैं। आप बिकाऊ की बात करते हो पर वल्लभ भवन में कौन-कौन दलाली खाता था, यह तो बता दो। भोपाल से दिल्ली तक यही हाल है कांग्रेस का और आप हमें दोष दे रहे हो। सीएम ने कमलनाथ को संबोधित करते हुए कहा कि जी 23 से तो बात करो आप पहले, मैंने कभी आपको बूढ़ा नहीं कहा। मैं कभी आप से कोई रेस नहीं करूंगा। मैं आपका दुश्मन थोड़ी न हूँ।
सीएम ने कहा कि आदिवासी भाई बहनों में कांग्रेस ने भ्रम फैलाने का काम किया है। राहुल गांधी ने पंजाब में अच्छी ख़ासी चलती सरकार को कबाड़ा कर दिया। छत्तीसगढ़ वाले विधायक दिल्ली में जाकर ग़दर कर रहे हैं।
जनजाति का अपमान कर रहे कांग्रेसी-वीडी
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने माता बहनों का अपमान किया है। कांग्रेस के लोग आज सुलोचना रावत को बिकाऊ कहकर जनजातीय समाज का अपमान कर रहे हैं। हम सुलोचना रावत और विशाल रावत दोनों का स्वागत करता हैं और दोनों को शुभकामनाएं देते हैं।
रावत का बयान, दुःखी होकर लिया निर्णय
इसके पहले प्रदेश बीजेपी कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुलोचना रावत और विशाल रावत का स्वागत किया। विशाल रावत ने कहा कि आज भाजपा परिवार और संगठन से जुड़ने का मौका मिला है, मैं आभार प्रकट करता हूं। भाजपा की सरकार में प्रदेश का जो विकास हो रहा है, उसे देख कर हमने भाजपा से जुड़ने का फैसला लिया है। इस मौके पर सुलोचना रावत हुईं भावुक और कहा कि हमारा क्षेत्र और हमारी महिलाएं बहुत पिछड़ी हुई हैं। मैं दुखी हो कर ये बात कह रही हूँ। हमने हमेशा सेवा करने का ही काम किया है। हमारे क्षेत्र का विकास हो, इसलिए हमने आज भाजपा में आने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व कमजोर हो गया है। इसी से दुखी होकर मैं यहां आई हूँ। भाजपा सरकार महिलाओं के लिए अच्छा काम कर रही है।

share