News Update :

पौधरोपण में शिवराज के साथ आया बीजेपी संगठन, एक साथ रोपे 365 पौधे

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे पौधरोपण अभियान को आज से एक साल पूरा हो गया। इस अभियान के एक साल पूरे होने पर आज समूची प्रदेश भाजपा उनके साथ पौधरोपण कार्यक्रम में जुड़ी। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने राजधानी के तात्या टोपे नगर स्टेडियम जैन मंदिर एबीडी एरिया में सीएम चौहान के साथ पौधरोपण किया। पौधरोपण के वक्त मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग भी मौजूद थे।



मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिकों ने भी बड़े पैमाने पर पौध-रोपण में हिस्सा लिया। नगर निगम भोपाल एवं स्मार्ट सिटी द्वारा तात्या टोपे स्टेडियम के समीप एबीडी एरिया में कई एकड़ क्षेत्र में रिक्त भूमि पर पौधरोपण की व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई थी। इस क्षेत्र में 365 से अधिक पौधे रोपे गए। इस क्षेत्र के चारों ओर जाली लगाकर सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। साथ ही पार्क में श्रीयंत्र का निर्माण भी किया गया है। पौधरोपण के दौरान सांसद प्रज्ञा ठाकुर, विधायक कृष्णा गौर  प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेड़ा, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पारासर, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया भी मौजूद रहे। सीएम चौहान ने पौधरोपण के बाद वहां पौधे रोपने के लिए पहुंचे संगठन पदाधिकारियों व नागरिकों से मिलकर उनका अभिवादन भी किया। 

उधर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के आह्वान पर गुरुवार को प्रदेश भर में बीजेपी सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण किया। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने प्रतिदिन पौधरोपण का जो संकल्प लिया था, वह सामान्य संकल्प नहीं था। उन्होंने पूरे वर्ष प्रतिदिन पौधरोपण करके यह साबित किया है कि वे पर्यावरण को लेकर अपनी संकल्प शक्ति के धनी व्यक्ति हैं। उन्होंने पर्यावरण के संवर्द्धन और संरक्षण की दिशा में जो प्रेरक और अद्वितीय कार्य किया है, वैसे उदाहरण दुनिया में कम ही मिलते हैं। यद्यपि 19 फरवरी को मुख्यमंत्री के प्रतिदिन पौधारोपण के संकल्प का एक वर्ष पूर्ण हुआ था लेकिन उस दिन मुख्यमंत्री कोविड पॉजिटिव थे, इसलिए उस दिवस के उपलक्ष्य में अब 24 फरवरी को प्रदेश भर में पौधरोपण के इस अभियान को पार्टी ने हाथ में लिया है।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved