प्रदेश के कर्मचारियों को राज्य सरकार दीपावली के पहले अक्टूबर माह का वेतन देगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दिए जाने के बाद आयुक्त कोष और लेखा ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। आयुक्त कोष एवं लेखा ने सभी कोषालय अधिकारियों को दिए निर्देश में कहा है कि शासकीय सेवकों का वेतन भुगतान 24 अक्टूबर के पहले किया जाना है। यह वेतन अक्टूबर माह का है जो नवम्बर पहले सप्ताह में मिलना था। इसलिए सभी कोषालय अधिकारी आहरण वितरण अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्यवाही के लिए सूचित करें ताकि वेतन देयक पारित किया जा सके। इसके लिए 22 अक्टूबर को सभी कोषालय खुले रहेंगे। आयुक्त द्वारा जारी निर्देश में आउटसोर्स कर्मचारियों को भी अक्टूबर माह का पारिश्रमिक /मानदेय दीपावली पर्व के पहले देने के निर्देश जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि सीएम शिवराज ने गुरुवार सुबह की एक ट्वीट में कहा था कि
दीपावली का पावन पर्व आ रहा है। हमारे सभी कर्मचारी साथी परिवार सहित दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाएं, इसलिए हम इस माह का वेतन दीपावली से पहले देने का आदेश जारी कर रहे हैं।
32 कर्मचारी संगठनों ने की थी मांग
दीपावली पर्व के पहले वेतन भुगतान के लिए प्रदेश के 32 कर्मचारी संगठनों ने राज्य सरकार से ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि दीपावली पर्व के मद्देनजर कर्मचारियों को 24 अक्टूबर के पहले वेतन भुगतान किया जाए ताकि वह दीपावली अच्छे से मना सकें। बताया जाता है कि इसको लेकर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने सीएम सचिवालय को नोटशीट भी लिखी थी। अब आदेश होने के बाद प्रदेश के 7.50 लाख कर्मचारियों को वेतन भुगतान के रूप में 412 करोड रुपए दिए जाएंगे।
share