News Update :

सब इंजीनियर और ठेकेदार 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई

भोपाल
सागर में मकरोनिया नगर पालिका के उपयंत्री को लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार रात 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार किया है। उपयंत्री ने रिश्वत के रुपए कार्यालय में मौजूद ठेकेदार को लेने को कहा तभी लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने मकरोनिया नगर पालिका के सहायक यंत्री देवेंद्र धाकड़ को भी आरोपी बनाया है।सागर लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता मनीष पुत्र दयाशंकर स्वामी उम्र 42 साल निवासी मकरोनिया ने शिकायत में बताया था कि रोड निर्माण के बिलों का भुगतान करने के एवज में मकरोनिया नगर पालिका के उपयंत्री आकाश राठौर और सहायक उपयंत्री देवेंद्र धाकड़ 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। रोड निर्माण कार्य के 5 लाख रुपए के बिलों का भुगतान होना बाकी है। शिकायत की पुष्टि होते ही लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की प्लानिंग की। टीम शुक्रवार रात शिकायकर्ता मनीष स्वामी के साथ मकरोनिया पहुंची। जहां उपयंत्री से मनीष ने बात की और रिश्वत की राशि लेकर मकरोनिया नगर पालिका कार्यालय में चला गया। जहां उपयंत्री आकाश राठौर और ठेकेदार हेमंत बोध मौजूद थे। उपयंत्री आकाश ने ठेकेदार हेमंत से कहा कि रिश्वत की राशि ले लो। जैसे ही उपयंत्री के कहने पर ठेकेदार हेमंत ने रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर रंगेहाथ धरदबोचा।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved