भोपाल
बीजेपी ने चुनाव के सात माह पहले प्रदेश में सवा 22 लाख कार्यकर्ताओं की चुनावी टीम तैयार कर ली है। यह चुनावी टीम जिला, मंडल, संभाग और प्रदेश स्तर से हटकर है और सीधे तौर पर बूथों से संपर्क में रहने वाली है। पार्टी ने 64102 बूथों में इन कार्यकर्ताओं की तैनाती करने के साथ उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी हैं और किए जाने वाले कामों की रिपोर्ट मांगना शुरू कर दिया है। उधर बीजेपी को अभी 1हजार बूथ अध्यक्ष और 3 हजार बूथ महामंत्री व 4 हजार बीएलए चाहिये।
बूथ विस्तारक अभियान 2.0 की अब तक जो रिपोर्ट बीजेपी संगठन तक पहुंची है उसके अनुसार कुल निर्धारित बूथों में से 63005 बूथ पर अध्यक्ष, 61407 पर बूथ महामंत्री और 60407 पर बीएलए-2 की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने इन तीनों बूथ पदाधिकारियों को त्रिदेव नाम दिया है। इसके अलावा बूथ समिति सदस्यों के लिए 7 लाख पांच हजार के टारगेट के विपरीत 9 लाख 7 हजार से अधिक सदस्य नियुक्त किए जा चुके हैं। दूसरी ओर पन्ना और अर्द्धपन्ना प्रमुख की नियुक्ति का काम भी तेजी से हुआ है और अभी तक 9.62 लाख अपेक्षित पन्ना प्रमुखों के विपरीत 11 लाख 38 हजार 720 अर्द्ध पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश भाजपा और बूथ टोली को शुभकामनाएं दी हैं और संगठन के दायित्वों पर अमल के लिए समर्पित रहने को कहा है।
अब अर्द्धपन्ना प्रमुख बन रहे बूथों पर
बीजेपी ने पहले प्रदेश के हर बूथ के वोटर से संपर्क में रहने के लिए पन्ना प्रभारी बनाने का काम किया था। इस चुनाव में इससे आगे की कड़ी शुरू की गई है और अर्द्ध पन्ना प्रभारी बनाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से अधिकतम वोटर से सीधे संपर्क में रहने का पार्टी का टारगेट आसानी से हासिल हो सकेगा।
वीडी शर्मा बोले, ऐतिहासिक काम
बूथ विस्तारक अभियान 2: 0 की ऐतिहासिक सफलता पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व काम हुआ है। हमारे राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश जो बूथ सशक्तिकरण अभियान के देश के प्रभारी हैं उन्होंने ट्वीट करते हुए प्रशंसा की है। मैं उनका भी हृदय से धन्यवाद करता हूं और भाजपा पार्टी के हमारी बूथ प्रबंधन की टीम से लेकर सभी पदाधिकारियों का, प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए, बूथ समिति से लेकर पन्ना समिति तक सभी को इस कार्य के लिए बधाई देता हूं। शर्मा ने कहा कि 64100 बूथों में से आज भाजपा मध्य प्रदेश में 63005 बूथ अध्यक्ष, 61407 महामंत्री 60,407 बीएलए हैं। हमारी बूथ की अपेक्षित जो श्रेणी थी, उसमें 7 लाख 5 हजार 100 लोग अपेक्षित थे, जो डिजिटली तैयार होने थे। आज मुझे गर्व है कि बूथ समिति में भाजपा के कार्यकर्ताओं के प्रयासों से 9 लाख 7 हजार 530 डिजिटली ऑनलाइन कार्यकर्ताओं हो चुके हैं। भाजपा के पन्ना प्रमुख 9 लाख 62 हजार 111 अपेक्षित थे लेकिन मध्यप्रदेश में एक कदम आगे बढ़ाया कि हम अर्द्ध पन्ना प्रमुख बनाएंगे। शर्मा ने कहा कि मीडिया के मित्रों को एक बार प्रेजेंटेशन देना चाहिए कि हमने किस प्रकार से कितनी इंफॉर्मेशन के साथ पन्ना प्रमुख का गठन किया है। वोटर आईडी नंबर से लेकर सारी इनफार्मेशन जो भी उस व्यक्ति के बारे में है वह सारी चीजें हमने बूथ पर पन्ना प्रमुख के नाते डिजिटली अपलोड किया है। उन्होंने कहा कि आज मुझे बताने में गर्व है कि 9 लाख 62 हजार 111 से आगे अर्द्ध पन्ना प्रमुख की कल्पना की उससे 11 लाख 38 हजार 720 अभी तक डिजिटल करने में सफल हुए हैं।